ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
कालसी। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में शनिवार देर रात तक चले वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुतियों से निर्मल गंगा के साथ ही सामाजिक कुरीतियां मिटाने का संदेश दिया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रहे अपर सचिव एवं निदेशक जनजाति कल्याण बीआर टम्टा ने छात्र-छात्राओं को कर्तव्यनिष्ठा और नैतिकता का पाठ पढ़ाया।
उन्होंने कहा कि सिर्फ शिक्षा ग्रहण करने से ही व्यक्ति सफल नहीं होता। सफलता के लिए जिम्मेदारी का अहसास होने के साथ ही जीवन में शुचिता जरूरी है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. जेसी बडोनी ने अभिभावकों के समक्ष विद्यालय की वार्षिक आख्या प्रस्तुत की। साल भर की गतिविधियों के आधार पर कुंगा नीमा और निकिता तोमर को सर्वश्रेष्ठ छात्रा चुना गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत शारदा वंदना से हुई। इसके बाद छात्राओं ने भूपेन हजारिका के गंगा तू बहती क्यों... गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर जल संरक्षण और नदियों की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। छात्रों ने बेटी बचाओ-गंगा बचाओ गीत नाटिका के माध्यम से समाज की ज्वलंत समस्याओं पर तीखे तंज कसते हुए उन्हें मिटाने का संदेश दिया।
समारोह में वर्ष भर की शैक्षणिक और शिक्षणेत्तर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साल भर के संपूर्ण क्रियाकलापों के आधार पर गौमुख सदन ऑलओवर चैंपियन बना। क्रीड़ा में मिलम सदन प्रथम, गौमुख सदन द्वितीय, सीसीए के तहत गौमुख सदन प्रथम, मिलम और पिंडारी सदन संयुक्त तौर पर द्वितीय, अकादमी शैक्षिक प्रगति में गौमुख सदन प्रथम, पिंडारी सदन द्वितीय स्थान पर रहे।
इस दौरान सुधा पैन्यूली, जयेंद्र सिंह, दिगंबर सिंह चौहान, केशर सिंह वर्मा, जवाहर सिंह चौहान, जयपाल सिंह चौहान, भीम सिंह, जसवीर सिंह आदि मौजूद रहे।