ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
एनफील्ड सीनियर सेकेंड्री स्कूल में शुक्रवार को सीबीएसई सहोदय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जूनियर वर्ग में दिव्या सिंह, सब जूनियर वर्ग में अभिषेक त्यागी और सीनियर वर्ग में प्रियांशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के 18 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
बतौर निर्णायक शिरकत कर रहीं राजकीय इंटर कॉलेज केदारावाला की कला प्रवक्ता पूजा मौर्य ने छात्रों को बताया कि कलाकार कला के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति व भावनाओं को प्रकट करता है। कहा कि संपूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए मन व बुद्धि के बीच समन्वय होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जीवन में थ्री एच का बड़ा महत्व है। थ्री एच यानी हैंड, हेड एवं हार्ट। हैंड का मतलब कार्य करने से है, जबकि हेड और हार्ट का संबंध बुद्धि व मन से है। प्रतियोगिता के तहत जूनियर वर्ग में अवंतिका, सब जूनियर वर्ग में लावण्या ईशा जोशी और सीनियर वर्ग में पीयुष कल्याण ने द्वितीय स्थान हासिल किया। जबकि, जूनियर वर्ग में विशाल कुमार, सब जूनियर वर्ग में शिवानी जोशी एवं सीनियर वर्ग में दर्शिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य ओपी चुग, उप प्रधानाचार्य उषा चौहान, राकेश बर्नाड, एकता कोटियाल, रेनु भट्ट, अंकित डबराल आदि मौजूद रहे।