ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
कालसी। जौनसार-बावर परगने के राजकीय इंटर कॉलेज हटाल में बृहस्पतिवार को लोक पंचायत की ओर से करियर काउंसिलिंग आयोजित कर छात्रों केे सफलता के गुर बताए गए। मुख्य वक्ता सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के उप निदेशक केएस चौहान ने छात्र-छात्राओं को सफलता के सूत्र बताए।
उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य का निर्धारण किया जाना जरूरी है। लक्ष्य निर्धारित कर प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए की गई तैयारी से सफलता अवश्य मिलती है। इंटरमीडिएट की परीक्षा के बाद कठिन परिश्रम और कड़ी मेहनत से ही भविष्य की दिशा और दशा का निर्धारण होता है। इस दौरान उन्होंने छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा किए। लोक पंचायत के सदस्य श्रीचंद शर्मा ने कहा है कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उचित विषयों का निर्धारण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जौनसार बावर क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों से निकलने के बाद छात्र छात्राओं को अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि को देखते हुए सफलता प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करने की आवश्यकता है। एसएमआर डिग्री कॉलेज साहिया के चेयरमैन अनिल तोमर ने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए समय का सदुपयोग बेहद जरूरी है। इस दौरान प्रधानाचार्य डीएस तोमर, भारत चौहान, चमन सिंह नेगी, मंजू शर्मा, अतुल राणा, मायाराम शर्मा आदि मौजूद रहे।