ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
साहिया। राष्टीय ग्रामीण विकास संस्थान हैदराबाद गए उत्तराखंड के 30 सदस्यीय पंचायत प्रतिनिधियों के दल में छह सदस्य कालसी प्रखंड के भी शामिल थे। जिन्होंने तीन दिनों तक पंचायत विकास योजना व आय संसाधनों पर अध्ययन किया।
उत्तराखंड राज्य से पंचायत प्रतिनिधियों का 30 सदस्य विशेष दल राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान हैदराबाद के भ्रमण पर गया था। 29 अप्रैल से एक मई तक चले प्रशिक्षण शिविर में ग्राम प्रधानों व ग्राम पंचायत अधिकारियों ने ग्राम पंचायत विकास योजना, जीपीडीपी एवं ग्राम पंचायत की आय बढ़ाने पर मंथन किया। प्रशिक्षण शिविर से वापस लौटीं कालसी प्रखंड के कामला की प्रधान रीना तोमर, हरिपुर की प्रधान रेखा देवी, जखनोऊ की प्रधान रेखा सेमवाल, सकनी के प्रधान सुरेंद्र सिंह, रिखाड़ के प्रधान दिनेश सिंह, जिसोऊ घराना के प्रधान भीमदत्त शर्मा सहित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी रेनू मित्तल, उर्मिला देवी एवं नोडल अधिकारी राकेश शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद तेलंगाना की मॉडल ग्राम पंचायत पेददतपुरा का भ्रमण कर स्थानीय संसाधनों से पंचायत की आय अर्जित करने के गुर सीखे। प्रशिक्षण में जनप्रतिनिधियों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई। यही जानकारी भ्रमण दल को राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान में दी गई।