ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
साहिया। सरदार महिपाल राजेंद्र डिग्री कॉलेज साहिया में मंगलवार को पहला वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। समारोह की शुरुआत पर मुख्य अतिथि श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. यूएस रावत ने शौर्य दीवार का अनावरण किया।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से शहीद सैनिकों को अपना आदर्श मानने की बात कही। साथ ही बताया कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए व्यक्ति को अपनी जड़ों से जुड़ा रहना चाहिए। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत ही जौनसारी बोली में ‘सबु को आइति नीति’ (सब को नमस्कार) से करते हुए युवाओं को अपनी स्थानीय बोली के प्रति संवेदनशील बने रहने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रत्येक छात्र को अंग्रेजी पढ़ना और बोलना आना चाहिए। वैश्विक भाषा होने के चलते प्रतिस्पर्धा के लिए अंग्रेजी का ज्ञान जरूरी है। लेकिन अपनी मातृ भाषा और बोली की उपेक्षा भी नहीं की जानी चाहिए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत छात्राओं ने सरस्वती वंदना से की। इसके बाद डिग्री कॉलेज के साथ ही राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज साहिया के छात्र-छात्राओं ने जौनसारी, हिमाचली, पंजाबी, हिंदी गीतों पर शानदार प्रस्तुति दी। खासकर जौनसारी गीत ‘डांडे की चलकुड़ी तू जियनदी बसे तू..., जमना पारे बिजोरी ले बिजोरी हो..., लोकी बरो बल चाश मातीए’ और पारंपरिक हारुल सुल्तान की याद हम शकिन ना भूली पर छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने मन मोह लिया। समारोह के समापन पर देवभूमि संस्कृति ज्ञान परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्तिपत्र और नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान उप निदेशक सूचना एवं संपर्क कलम सिंह चौहान, एसडीएम डॉ. अपूर्वा सिंह, प्राचार्य डॉ. रेनू गुप्ता, श्रीचंद शर्मा, मुन्ना सिंह राणा, भारत चौहान, दीना राणा, बलवीर राणा आदि मौजूद रहे।