ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
कोतवाली रोड स्थित द हिमालयन इंटरनेशनल स्कूल में रविवार को ‘किसमें कितना है दम’ टैलेंट हंट प्रतियोगिता के लिए ऑडिशन लिया गया। इसमें पछवादून के 150 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें तीन वर्ष के नौनिहालों से लेकर 30 वर्ष तक के युवा शामिल हुए।
ऑडिशन के तहत प्रतिभागियों ने व्यक्तिगत और सामूहिक तौर पर नृत्य, गायन, अभिनय, मॉडलिंग, मिमिक्री, मीम, शबद, गतका, ड्रॉइंग-पेंटिंग, फाइन आर्ट, कविता, योगा आदि विधाओं में अपने हुनर का प्रदर्शन किया। आयोजक तरुण बंसल ने कहा कि पछवादून में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें उचित मंच नहीं मिलता है। मंच नहीं मिलने से कई प्रतिभाएं क्षेत्र से बाहर नहीं निकल पाती हैं। कहा कि प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने से उनमें आत्मविश्वास का संचार भी होता है। ऑडिशन के बाद सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। आयोजक ने बताया कि अगले राउंड की सूचना प्रतिभागियों को फोन से दी जाएगी। ऑडिशन के तहत लव पासी और गुरुप्रीत, सुशील कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई।