ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
लायंस क्लब की ओर से बुधवार को मुख्य बाजार में बालिका सुरक्षा जागरुकता रैली निकाली गई। लायन अध्यक्ष मनीष दत्ता ने कहा कि बेटियों को सम्मान देने से ही स्वच्छ समाज का निर्माण होता है।
उन्होेंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी बालिका शिक्षा के प्रति जागरुकता की कमी है। बेटियों को अपने भविष्य की राह खुद चुनने की आजादी नहीं दी जा रही है, जिससे उनका हुनर समाज के सामने नहीं आ रहा है। कहा कि बेटियों को शिक्षा से महरूम रखना उन पर मानसिक हमला है। स्वच्छ और स्वस्थ समाज में बेटे और बेटी को बराबर का दर्जा दिया जाना जरूरी है। कहा कि समाज विकसित तभी कहलाएगा जब बेटियां भी बेटों की तरह निर्भीक होकर घर से बाहर निकल सकेें। क्लब के सदस्यों ने रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, कुरीतियों से मुक्त समाज, सामाजिक दृष्टि से प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार दिए जाने के लिए भी लोगों को जागरूक किया।
डाकपत्थर तिराहे से शुरू हुई रैली गीता भवन तक गई। रैली के बाद क्लब अध्यक्ष की ओर से नेत्र और डायबिटीज सेंटर का शिलान्यास किया गया। रैली में क्लब के डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर विनय मित्तल, हेमचंद्र सकलानी, गगन सेठी, सबल सेरावत, एमपीएस खुराना, कुलदीप कोहली, दिनेश जायसवाल, मोहिनी नौटियाल, रीना चावला, विनयकांत नौटियाल, अजीत कोचर, गौरव गर्ग, भारत गर्ग आदि शामिल रहे।