ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
साहिया। राजकीय पॉलीटेक्निक में महिला छात्रावास का निर्माण शुरू नहीं होने से छात्राओं को किराए के आवासों में रहना पड़ रहा है। संस्थान में छात्रावास निर्माण के लिए छह वर्ष पूर्व बजट स्वीकृत होने के बावजूद अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है।
संस्थान में छात्रावास निर्माण के लिए वर्ष 2012 में स्वीकृति मिलने के बाद शासन की ओर से 50 लाख की राशि मुहैया करा दी गई थी। निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को अधिकृत किया गया था, लेकिन निर्माणदाई संस्था ने अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है। अभिभावक संतराम पंवार, धर्म सिंह, कुंदन सिंह, रणवीर सिंह, नरेंद्र सिंह ने बताया संस्थान में पढ़ाई कर रहीं अधिकांश छात्राएं गरीब परिवार से ताल्लुक रखती हैं, जिन्हें किराए के आवास में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे अभिभावकों को छात्राओं की सुरक्षा की चिंता भी सताती रहती है। बताया कि कार्यदाई संस्था निर्माण कार्य शुरू करने के लिए बजट की कमी का हवाला दे रही है। अभिभावकों ने छात्राओं की परेशानी को देखते हुए शीघ्र छात्रावास निर्माण की मांग की है।
उधर, संस्थान के प्राचार्य डीसी गुप्ता ने बताया कि निर्माणदाई संस्था को निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कई बार सूचित किया जा चुका है। साथ ही उच्चाधिकारियों को भी पूरे प्रकरण की जानकारी दे दी गई है। उच्चाधिकारियों के निर्देश के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।