ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
हिंदू नववर्ष पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से संघ कार्यालय में विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में स्वयंसेवकों ने संस्कृति के प्रचार-प्रसार पर मंथन किया। जबकि, बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने डाकपत्थर में रैली निकालकर नववर्ष मनाया।
संघ कार्यालय में आयोजित सम्मेलन में बतौर मुख्य वक्ता आरएसएस के बौद्धिक प्रमुख भगीरथ ने कहा कि हिंदू संस्कृति ही विश्व की प्राचीनतम संस्कृति है, जिसने विश्व को सभ्यता और संस्कार दिए हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू एक भौगोलिक पहचान है। इस संस्कृति की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह अपने लोगों को अपने हिसाब से जीवन यापन की आजादी देती है। हालांकि, दुर्भाग्य यह है कि हमारी संस्कृति से संबंधित काफी कुछ खो चुका है। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति की रक्षा करना प्रत्येक हिंदू का नैतिक दायित्व है। इस दौरान जिला संघ चालक देवराज, प्रचार प्रमुख विक्रम, पुष्पराज, संदीप महावर, रामेश्वर डोभाल, अब्बल सिंह तोपाल, रामपाल, विवेक, विकास नागर, धन सिंह, आशू कुमार आदि मौजूद रहे।