ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
सरकारी विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए छह अप्रैल को मनाया जाने वाला प्रवेशोत्सव इस बार 16 अप्रैल को मनाया जाएगा। इस दौरान नए छात्रों को प्रवेश देने के साथ ही विद्यालय प्रबंधन समिति, अभिभावक शिक्षक संघ और विद्यालय के सेवित क्षेत्र के लोगों को शैक्षिक योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
बता दें, अप्रैल की पहली तारीख से नया शिक्षा सत्र शुरू होते ही सरकारी विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी जाती है। इसके लिए स्कूल चलो रैली निकालने के साथ ही शिक्षकों की ओर से जन संपर्क भी किया जाता है। प्रवेशोत्सव छह अप्रैल को मनाया जाता है, लेकिन इस बार 16 अप्रैल को प्रवेशोत्सव मनाने का निर्णय विभाग ने लिया है। निदेशक अकादमिक, शोध एवं प्रशिक्षण सीमा जौनसारी ने बताया कि लोक सभा चुनाव की तैयारियों केे लेकर प्रवेशोत्सव की तिथि में बदलाव किया गया है। प्रवेशोत्सव के दौरान विद्यालयों में नए छात्रों को प्रवेश देने के साथ ही विद्यालय प्रबंधन समिति, अभिभावक शिक्षक संघ और विद्यालय के सेवित क्षेत्र के लोगों को विद्यालयों में आमंत्रित कर विभाग और सरकार की ओर से संचालित कार्यक्रमों की जानकारी मुहैया कराई जाएगी। साथ ही शिक्षणेत्तर गतिविधियों का आयोजन कर समाज को सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों के हुनर से रूबरू कराया जाएगा। प्रवेशोत्सव के सफल और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक ब्लॉक के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
प्रवेशोत्सव के अनुश्रवण के लिए नियुक्त अधिकारी
चकराता ब्लाक में वाईएस चौधरी, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक, कालसी में आरके जुगरान, प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, विकासनगर में वंदना गर्ब्याल, अपर निदेशक, सहसपुर में आरएस रावत, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा को जिम्मेदारी दी गई है।