ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
साहिया। द शिलगुर एकेडमी पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव सोमवार को मनाया गया। कार्यक्रम में नौनिहालों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रीतम सिंह चौहान ने वार्षिक परिणाम की घोषणा की।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रहे अभिभावक अर्जुन सिंह ने कहा बच्चे कोरे कागज की तरह होते हैं, उसमें जैसा लिखना चाहोगे वैसा ही कागज दिखेगा। जैसे बच्चे की नींव पड़ेगी वैसे ही उसके भविष्य की इमारत बनेगी। उन्होंने शिक्षकों के साथ ही अभिभावकों को भी बच्चों के प्रति गंभीर रहने की सलाह दी। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत पारंपरिक महासू वंदना से की गई। इसके बाद नौनिहालों ने जौनसारी हारुल नंतराम नेगी की शानदार प्रस्तुति दी। साथ ही हिमाचली, हरियाणवी, पंजाबी संस्कृति को दर्शाते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बालिका शिक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया गया।
समापन पर गृह परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नौनिहालों को सम्मानित किया गया। पीजी कक्षा के रमन तोमर ने 99 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया। वहीं, पांचवीं कक्षा के अंशुल ने दूसरा और आठवीं कक्षा की तनीषा गुप्ता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस दौरान भगत राम जोशी, इंद्र सिंह चौहान, मनोज रावत, सुंदला रावत, मुकेश राय, विरेंद्र सिंह, शर्मीला चौहान, अमृता रावत, सुनीता राय, प्रीतिका जोशी, गीता, हुकम सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।