ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
राजकीय इंटर कॉलेज बैसोगिलानी के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के तहत बृहस्पतिवार को स्वयंसेवकों ने गांव के मोटर मार्ग का सुधारीकरण किया। स्वयंसेवकों ने मार्ग पर पड़ मलबे को हटाने के साथ ही गड्ढों को मिट्टी और पत्थरों से भरा।
स्वयंसेवकों ने मार्ग किनारे की सुरक्षा दीवारों के सुधारीकरण के साथ ही ग्रामीण बस्तियों में शिक्षा और मतदान के प्रति जागरूकता अभियान भी चलाया। कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही गांवों का सर्वांगीण विकास संभव है। गांव के प्रत्येक व्यक्ति के शिक्षित होने से वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहेंगे। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को मतदान के लिए जागरूक करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मतदान करना प्रत्येक वयस्क नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। मतदान से ही देश की जनता अपनी पसंद की सरकार का गठन करती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को एनएसएस शिविर समाप्त होने के बाद भी गांव में मतदाता जागरूकता अभियान चलाने की सलाह दी।
साथ ही बताया कि प्रत्येक मतदाता को मतदान केंद्र तक ले जाने की जिम्मेदारी युवाओं की होती है। इस दौरान महेंद्र सिंह नेगी, अशोक गंगोला, धनेश शर्मा, उमेश चंद्र कुशवाहा, उदय सिंह तोमर, डिंपल तोमर, रिंकी चौहान, हिमांशी चौहान, तनू चौहान, अंजीता वर्मा, एकता जोशी, कल्पना चौहान, सुषमा चौहान, राधिका तोमर, अनीता, तनु राजगुरु आदि मौजूद रहे।