जल संस्थान की लापरवाही कोतवाली रोड, बैंक कॉलोनी के लोगों पर भारी पड़ रही है। कोतवाली रोड पर लंबे समय से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत नहीं होने से पानी सड़क पर बह रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों के घरों में पर्याप्त पेयजल मुहैया नहीं हो पा रहा है।
कोतवाली रोड पर अक्सर बड़े वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। इससे मार्ग बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाता है। मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से यहां बिछी पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त हो जाती है। इससे कोतवाली रोड के लोगों के साथ ही बैंक कॉलोनी, पुलिस कॉलोनी, बादामावाला रोड के निवासियों के सामने पेयजल संकट छाया रहता है।
स्थानीय निवासी राजेंद्र सक्सैना, प्रवीण बिजल्वाण, ममता नेगी, सुरेश चंद्र सेमवाल, राजेंद्र प्रसाद ढौंढियाल ने बताया कि मार्ग पर कम गहराई में बिछाई गई पेयजल लाइन लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। इससे लोगों को पानी के लिए हैंडपंप पर निर्भर होना पड़ रहा है। कहा कि जल संस्थान से कई बार पेयजल लाइन को अधिक गहराई पर बिछाने की मांग की गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
उधर, जल संस्थान के एसडीओ एपी सिंह ने बताया कि संबंधित एसडीओ को क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत के निर्देश दिए जाएंगे।