ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
साहिया। कुछ दिन पूर्व डागुरा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने क्षेत्र में मोटर मार्ग न बनने पर शासन-प्रशासन पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। सोमवार को एसडीएम कालसी डॉ. अपूर्वा सिंह ने ग्राम प्रधान सहित अन्य ग्रामीणों के साथ बैठक की।
उन्होंने ग्रामीणों को संबंधित विभाग को सड़क निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के लिए उचित माध्यम से निर्देश देने का आश्वासन दिया है। एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव समाप्त होने तक आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है। बता दें कि सड़क सुविधा से वंचित डागुरा, कोकठी, मरलोउ, बडोडा के लोगों ने कुछ दिन पूर्व शासन प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए आंदोलन शुरू करने की चेतावनी तहसील प्रशासन को दी थी। ग्रामीणों के आचार संहिता के दौरान आंदोलन शुरू करने के निर्णय से हरकत में आए तहसील प्रशासन ने सोमवार को स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया है। एसडीएम डॉ. अपूर्वा सिंह ने बताया कि संबंधित विभागों को उचित माध्यम से डागुरा पंचायत के सभी खेड़ों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।