ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। विपक्षी दल कांग्रेस इस चुनाव में भाजपा को उसकी चार्जशीट के जरिए घेरने की कोशिश में है।
चार्जशीट कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री नव प्रभात का कहना है कि चार्जशीट में कोई भी बात झूठी नहीं है। इसमें जो कुछ भी होगा वह सब तथ्यों के साथ होगा। सरकार के भ्रष्टाचार के मामले हों या फिर उसकी योजनाएं, इसमें कोई भी ऐसी चीज नहीं होगी जो बेबुनियाद हो। इसी महीने के अंतिम सप्ताह में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी को यह चार्जशीट सौंप दी जाएगी। सरकार की ओर से कुछ ऐसी भी योजनाएं चलाई जा रहीं हैं, जिनका जनता को धरातल पर लाभ नहीं मिल पा रहा है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस हमारी नहीं, बल्कि खुद अपनी चार्जशीट की चिंता करे। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में जो कुछ हुआ उसकी पोल खुल चुकी है। छात्रवृत्ति घोटाला, चावल, राशन कार्ड छपाई घपला, राशन घपला आदि कई ऐसे घोटाले हैं जिसकी फाइल बनी हुई है। चुनाव आचार संहिता लगने के बाद कांग्रेस इस चार्जशीट की बात कर रही है। चार्जशीट में जरा भी सच्चाई होती तो कांग्रेस विभिन्न बैठकों, रैलियों एवं कार्यक्रमों में इसे प्रस्तुत करती।