ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
साहिया। पंजाब नेशनल बैंक और भारतीय स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा की इंटरनेट सेवा पिछले एक सप्ताह से बाधित होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 40 से 50 किमी की दूरी नापकर बैंक आ रहे ग्रामीण उपभोक्ताओं को बैरंग ही घर लौटना पड़ रहा है।
साहिया स्थित बैंकिंग संस्थान 200 से अधिक गांवों के ग्रामीणों को सुविधा मुहैया कराते हैं। यहां सरकारी कर्मचारियों के वेतन और पेंशन के साथ ही ग्रामीणों का करोड़ों का लेनदेन होता है। वहीं, इन दिनों बैंकों में किसान सम्मान निधि की धनराशि निकालने के लिए किसानों की भी भीड़ लगी रहती है। समाज कल्याण की पेंशन भी दोनों ही बैंकों से आहरित होती है। लेकिन, इंटरनेट सेवा बाधित होने के चलते बैंकों में कामकाज प्रभावित है। बुजुर्ग पेंशनर चुम्मा देवी, विमला देवी, कमला देवी, सेमानी देवी, नीरो देवी, अषाडी देवी, भाव सिंह, चतर सिंह, माया सिंह, गुमान सिंह, नारायण सिंह ने बताया कि हर रोज पेंशन के लिए 40 से 50 किमी की दूरी तय कर बैंक आ रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है। होली के पर्व को देखते हुए इन दिनों बैंक में ग्राहकों की ज्यादा भीड़ है। बावजूद इसके इंटरनेट सेवा सुचारु करने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
पीएनबी के शाखा प्रबंधक मायाराम शर्मा और एसबीआई के शाखा प्रबंधक सुरेश चंद्र पाल ने बताया कि इंटरनेट सेवा बंद होने से बैंकिंग सुविधाएं बाधित हो रहीं हैं। बीएसएनएल से इंटरनेट सेवा सुचारु करने की मांग की गई है। उधर, बीएसएनएल के सहायक अभियंता एलएस नेगी ने कहा कि ओएफसी कटने से इंटरनेट सेवा बाधित है। शीघ्र ही सेवा बहाल की जाएगी।