ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
चकराता। चकराता में आपातकालीन 108 सेवा के पिछले एक माह से ठप पड़ी है। इससे मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बार मरीजों को निजी वाहनों से हायर सेंटर पहुंचाना पड़ रहा है, ऐसे में घर से हायर सेंटर तक पहुंचने के दौरान मरीज को उपचार नहीं मिल पाता है।
बता दें कि शनिवार देर रात चकराता बाजार में दो बाइक सवारों ने एक राहगीर को टक्कर मार दी, जिससे एक बाइक सवार और राहगीर घायल हो गए। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन उन्हें आपातकालीन 108 सेवा मुहैया नहीं होने के कारण निजी वाहन से हायर सेंटर पहुंचाया गया। जबकि, रविवार को चकराता बस स्टैंड के पास एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने पर 108 सेवा से संपर्क किया गया, तो यह सुविधा मुहैया नहीं होने की बात बताई गई। स्थानीय निवासी दिनेश चांदना, पंकज जैन, केशर चौहान, मनमोहन चौहान, राजेंद्र राणा, कमल रावत, आनंद राणा ने बताया कि आपातकालीन वाहन सेवा के बंद होने से गरीब वर्ग के मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने शीघ्र की सेवा बहाल करने की मांग की है। उधर, आपातकालीन 108 सेवा के स्टेट हैड मनीष टिक्कू ने बताया कि कर्मचारियों का कांट्रेक्ट समाप्त होने के कारण अस्थायी तौर पर सेवा बंद है। शीघ्र व्यवस्था सुचारु कर दी जाएगी।