ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
साहिया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बने कोठा बैंड-सुरेऊ, उभरेऊ मोटर मार्ग सुधारीकरण के एक साल में ही खस्ताहाल होने से ग्रामीणों को हर रोज खतरों भरा सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं, मार्ग पर जगह-जगह आए मलबे को हटाने की भी कोई व्यवस्था नहीं हैं।
ग्रामीणों को स्वयं ही मलबा हटाकर मार्ग को आवाजाही के लायक बनाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि मार्ग सुधारीकरण के नाम पर एक साल पूर्व लाखों की धनराशि लगाई गई, लेकिन कुछ दिन बाद ही मार्ग से डामर उखड़ गया। मार्ग पर गुणवत्तापरक कार्य नहीं नहीं किए जाने का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। कोठा बैंड-सुरेऊ, उभरेऊ मोटर मार्ग जिसोऊ, घराना, खराया, भंजरा, उभरेऊ, मंडोली, पावुआ, धिरोग, बागी सहित एक दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ता है। मार्ग के खस्ताहाल होने के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण दान सिंह राणा, चेतराम चौहान, दाताराम शर्मा, टीकम सिंह चौहान ने बताया कि भूस्खलन जोन में पुश्ता निर्माण नहीं होने से पहाड़ का मलबा मार्ग पर पड़ा रहता है। मार्ग पर मलबा जमा होने से आवाजाही में परेशानी हो रही है। मार्ग पर दोपहिया वाहन चालक कई बार दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। जर्जर मार्ग पर बारिश आने पर ग्रामीण सफर करने से कतराते हैं। साथ ही इस मार्ग पर रात में आवाजाही करने में हमेशा खतरा रहता है। ग्रामीणों ने मार्ग पर बरसात से पूर्व गुणवत्तापरक सुधारीकरण कार्य कराए जाने की मांग की है। उधर, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता डीके पंत ने बताया कि संबंधित एसडीओ को मार्ग से मलवा हटाने के निर्देश दिए गए हैं।