ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
मुख्य डाकघर चकराता में पिछले एक माह से कंप्यूटर सिस्टम खराब होने से बैंकिंग संबंधी कार्य ठप पड़े हैं। मुख्य डाकघर में मात्र डाकसेवा के कार्य ही संपन्न हो रहे हैं। बैंकिंग कार्य, आरडी, किसान विकास पत्र, सुकन्या योजना सहित आधार कार्ड बनाने के कार्य भी ठप पड़े हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने विभाग से कंप्यूटर सिस्टम में आई खराबी को शीघ्र दूर करने की मांग की है। डाक विभाग की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। पंकज जैन, अंकित, चमन चौहान, शरण सिंह, जय सिंह, भोपाल सिंह, हुकम सिंह चौहान, अरविंद कुमार, रितेश वर्मा ने बताया कि पिछले एक माह से बचत खातों में धनराशि जमा करने और किसान विकास पत्र खरीदने के लिए चक्कर काट रहे हैं, लेकिन डाकघर में उन्हें सुविधा नहीं मिल रही है। इन दिनों आयकर रिटर्न भरने के लिए लोगों को अपनी बचत योजनाओं को दिखाना होता है, लेकिन डाकघर में बचत योजनाओं को सुचारु रखने की सुविधा मुहैया नहीं हो पा रही है। बताया कि कई बार डाक विभाग के अधिकारियों से कंप्यूटर सिस्टम में आई तकनीकी खराबी को दूर करने की मांग की जा चुकी है।
---
डाकघर के तकनीकी सिस्टम में आई खराबी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही सभी सेवाएं सुचारु कर दी जाएंगी।
- जीएम तनेजा, अधीक्षक, प्रवर डाक