ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
समग्र शिक्षा अभियान के तहत अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के टीचर लर्निंग सेंटर में चल रहे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के दस दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान शनिवार को बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जागरुकता रैली निकाली गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने रैली से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया।
प्रशिक्षक फातिमा हयात ने कहा कि प्रत्येक बेटी के शिक्षित होने से ही राष्ट्र का विकास संभव है। बालिकाओं को समुचित शिक्षा दिलाने के लिए अभिभावकों को भी जागरूक करना जरूरी है। महिलाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में कई समाजों में बालिका शिक्षा के प्रति जागरुकता की कमी है। ऐसे में बालिकाओं के हुनर का उपयोग राष्ट्र के विकास में नहीं हो पाता। कहा कि शिक्षा की कमी के चलते बेटी अपने अधिकारों से अनभिज्ञ रहती है। बेटी को समाज में बराबरी का दर्जा दिलाने के लिए शिक्षित करना जरूरी है। साथ ही महिलाओं को स्वच्छता, स्वास्थ्य व उचित पोषण की जानकारी दी गई।
मास्टर ट्रेनर ऊषा शाह ने घरेलू हिंसा से महिलाओं को संरक्षण अधिनियम, मातृत्व योजना सहित सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही अन्य योजनाओं की जानकारी दी। रैली के बाद कार्यकर्ताओं को टीचर लर्निंग सेंटर में प्रशिक्षण दिया गया। रैली में नाजिमा, कविता, शशि, सरोज, एंजिल, अंजुल, रमा, संगीता, प्रियंका, आशा, शहाना, रूबीना, बीना, सुषमा, राबिया, सोनिया, बबीता, माहेश्वरी आदि शामिल रहीं।