ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
स्नातक स्तर पर भूगोल, कला, समाजशास्त्र विषय के संचालन की मांग पर अमल न होने से नाराज राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर के छात्रों ने बुधवार को प्राचार्य कक्ष के बाहर क्रमिक अनशन शुरू किया।
छात्रों ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय प्रशासन उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है। इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। क्रमिक अनशन पर बैठे छात्रों ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। छात्रसंघ की कार्यकारी अध्यक्ष प्रियता खत्री ने कहा महाविद्यालय प्रशासन से स्नातक स्तर पर भूगोल, कला, समाजशास्त्र विषय का संचालन शुरू करने की मांग कई वर्षों से की जा रही है। साथ ही महाविद्यालय में स्नातकोत्तर स्तर पर जंतु विज्ञान और वनस्पति विज्ञान विषय का संचालन भी नहीं किया जा रहा है। छात्रों ने कहा कि स्नातक कक्षाओं के साथ ही एम कॉम में सीटें बढ़ाने, एलएलबी व एमबीए पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग पर भी अमल नहीं हुआ है। जबकि, महाविद्यालय में प्राध्यापकों की कमी भी बनी हुई है, जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। लाइब्रेरियन की नियुक्ति नहीं होने से लाइब्रेरी का संचालन भी विधिवत नहीं होता। छात्रों की इन सभी मांगों पर महाविद्यालय प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
छात्रों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं होने पर क्रमिक अनशन को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल में तब्दील कर दिया जाएगा। क्रमिक अनशन पर बैठने वालों में छात्रसंघ महासचिव अर्चना चौहान, प्रशांत कश्यप, भाग्यश्री, सलमान, विवेक बिजल्वाण, कविता चौहान, जैस्मिन, वंदना, आदर्श डोगरा, अर्चना चौधरी, अवनीश नौटियाल, प्रिंस राणा, राहुल कुमार, अभिनव, सजल, संदीप कंडवाल, निशांत सैनी आदि शामिल रहे।