ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
लंबित मांगों पर अमल नहीं होने से नाराज राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर के छात्रों का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए छात्रों ने प्राचार्य कक्ष के बाहर प्रदर्शन कर धरना दिया।
छात्रों ने कहा कि प्राचार्य से स्नातक स्तर पर भूगोल, कला, समाजशास्त्र विषय का संचालन शुरू कराने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। छात्र अपने पसंदीदा विषयों में उच्च शिक्षा नहीं ले पा रहे हैं। छात्रों ने कहा कि स्नातकोत्तर स्तर पर जंतु विज्ञान और वनस्पति विज्ञान विषय का संचालन भी नहीं किया जा रहा है। साथ ही स्नातक कक्षाओं, एम कॉम में सीटें बढ़ाने, एलएलबी व एमबीए पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग पर भी अमल नहीं हुआ। महाविद्यालय में प्रध्यापकों की कमी बनी हुई है, जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। लाइब्रेरियन की नियुक्ति नहीं होने से लाइब्रेरी का संचालन भी विधिवत नहीं होता। महाविद्यालय में सफाईकर्मी की नियुक्ति भी नहीं की गई है। छात्रों ने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन की उपेक्षा के कारण बुधवार से क्रमिक अनशन शुरू करने का निर्णय लिया गया है। धरना देने वालों में छात्रसंघ की कार्यकारी अध्यक्ष प्रियता खत्री, संदीप कंडवाल, अंकिता बुटोला, मोहित जैन, अर्चना, सैजल, योगेश, मनीषा आदि शामिल रहे। उधर, प्राचार्य डॉ. केएल बिष्ट ने कहा कि छात्रों से संबंधित सभी समस्याओं से शासन को अवगत कराया गया है।
---
आर्यन छात्र संगठन ने किया प्राचार्य का घेराव
विकासनगर। आर्यन छात्र संगठन ने महाविद्यालय परिसर में बने अल्पसंख्यक भवन का छात्रों को लाभ नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए प्राचार्य डॉ. केएल बिष्ट का घेराव किया। छात्रों ने कहा कि पूर्व में महाविद्यालय प्रशासन की ओर से तर्क दिया गया कि तकनीकी खामियों के कारण समाज कल्याण विभाग की ओर से भवन को महाविद्यालय प्रशासन को नहीं सौंपा गया है। छात्रसंघ महासचिव अर्चना चौहान ने कहा कि यदि समस्या का जल्द समाधान न हुआ तो छात्र उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। घेराव करने वालों में कविता चौहान, जसपाल सिंह, राहुल चौहान, निशांत चौहान, ऋषभ चौहान, धर्मेंद्र चौहान, शुभम कुडियाल, अरुण वर्मा, अजीत, अंजलि, वंदना, ललित, दिनेश जोशी, काजल चौहान, आदेश राणा, आषीश रावत आदि शामिल रहे।