ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
नौनिहालों में नेतृत्व क्षमता का गुण पैदा करने के लिए शनिवार को विकासनगर और हरबर्टपुर संकुल की बाल संसद का आयोजन किया गया। बाल संसद से नौनिहालों ने सड़क सुरक्षा विषय पर अपने विचार रखे।
विकासनगर संकुल की बाल संसद का आयोजन जूहा स्कूल एनफील्ड ग्रांट में हुआ। संकुल प्रभारी सरदार हरजिंदर सिंह ने कहा कि छात्रों के व्यक्तित्व विकास में बाल संसद एवं बाल कैबिनेट का अहम योगदान है। इनके माध्यम से छात्रों में नेतृत्व की क्षमता पैदा होने के साथ ही वे देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया से भी भलीभांति परिचित होते हैं। हरबर्टपुर संकुल की बाल संसद जूहा स्कूल लक्खनवाला में हुई। शिक्षक अतुल शर्मा ने कहा छात्रों का सर्वांगीण विकास शिक्षा का लक्ष्य है। इसके लिए छात्रों में लोकतंत्र के प्रति निष्ठा का प्रसार करना आवश्यक है। यदि छात्र सामूहिकता के महत्व को समझ जायेंगे, तो जीवन भर उनमें अहं की जगह सामुदायिक सहभागिता की भावना जागृत होगी। इस दौरान संजय प्रजापति, कन्हैया सिंह रावत, दिग्विजय बेधड़क, राम नारायण रतूड़ी, आरसी कांडपाल, यशवीर, मुज्जमिल हयात, नरेश चौधरी, मनोज राठौर आदि मौजूद रहे।