ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ढालीपुर में नेहरू युवा केंद्र और प्रयास स्वयं सेवी संस्था ने शुक्रवार को पड़ोस युवा संसद महोत्सव का आयोजन किया। युवा संसद में बतौर मुख्य वक्ता शिरकत कर रहे पीआईबी के पूर्व निदेशक नवीन जुयाल ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी देश की शक्ति है।
उन्होंने कहा कि हमारा देश युवाओं की मेधा, प्रतिभा के कारण ही निरंतर आगे बढ़कर विकास के नए आयाम तय कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़कर देश के विकास में सहभागी बनें। युवा आगे बढ़ेंगे तो देश आगे बढे़गा। प्रयास स्वयं सेवी संस्था के केंद्रीय अध्यक्ष हरपाल सिंह पंवार ने युवा संसद के उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत में 18 से 25 वर्ष की आयु के युवा मतदान प्रक्रिया में भाग लेते हैं, लेकिन वे उम्मीदवार नहीं होते हैं। ऐसे सभी युवाओं के विचारों को संकलित कर राज्य एवं केंद्रीय स्तर पर मॉक युवा संसद का आयोजन किया जाएगा। इसमें एक राष्ट्र एक चुनाव, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में डिजिटल इंडिया, स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम पर युवाओं की राय ली जाएगी। प्रधानाचार्य अब्बल सिंह तोपाल ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं, युवाओं को संस्कारवान होने के साथ लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ना चाहिए। इस दौरान क्षेत्रीय प्रसार अधिकारी राकेश रेग्मी, शाइस्ता इकबाल, अंकित, नेहा, साहिल खान, अजय राय, शोएब, हर्ष शर्मा, अनुज नेगी, फरजाना, अफसाना, रुखसार, रजिया, मुस्कान आदि मौजूद रहे।