बारिश और ओलावृष्टि के बाद शीत लहर से छूटी कंपकंपी
ब्यूरो/अमर उजाला
मसूरी। मौसम का मिजाज दिन भर बदलता रहा। दिन की शुरुआत हल्की धूप से हुई कुछ ही देर बाद बारिश से साथ ओले पड़े। यह सिलसिला रुक-रुक कर दिनभर चलता रहा। शाम को चली शीत लहर ने ठंड और बढ़ गई। जिसके बाद नगर को कोहरे ने अपने आगोश में ले लिया।
बृहस्पतिवार को अचानक मौसम बदलने से इलाके में ठंड बढ़ गई। दिनभर बारिश के साथ कभी हल्की तो कभी भारी ओलावृष्टि हुई। ये सिलसिला देर रात तक चलता रहा। शाम के समय शीत लहर से ठंड और बढ़ गई। ठंड से बचने के लिए स्थानीय लोगों समेत पर्यटकों को भारी गर्म कपड़े और आग का सहारा लेना पड़ा। बारिश और शीतलहर के कारण स्थानीय लोग अपने घरों व प्रतिष्ठानों में और पर्यटक होटलों से बाहर नहीं निकले। जिससे माल रोड पर भी सन्नाटा पसरा रहा। रात करीब साढ़े आठ बजे से तेज हवा के साथ भारी बारिश होती रही। कई बार बिजली कड़कने से रात नो बजे शहर और आसपास के इलाकों की बत्ती गुल हो गई, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।