ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
राजकीय इंटर कॉलेज हरबर्टपुर में कक्षा 11 की छात्रा मीनाक्षी सैनी का चयन राष्ट्रीय स्तर की अंडर-19 एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रतियोगिता गुजरात के नाडियाढ में 10 से 12 फरवरी के बीच संपन्न होगी। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए मीनाक्षी बृहस्पतिवार को रवाना होंगी।
विद्यालय की खेल प्रशिक्षक निशा खत्री राणा ने बताया कि छात्रा ने सीमित संसाधनों में अपनी मेहनत से राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई है। कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षणेत्तर गतिविधियों के संचालन के लिए सीमित संसाधन होने के बावजूद इन विद्यालयों के छात्र अपनी मेहनत और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहरा रहे हैं। पछवादून के राजकीय इंटर कॉलेज हरबर्टपुर की छात्रा मीनाक्षी सैनी ने भी संसाधनों के अभाव के बावजूद अपने हौसलों के बल पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई है। निशा खत्री राणा ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में विद्यालय से 20 छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में परचम लहरा चुके हैं। संसाधनों के अभाव से जूझ रहे सरकारी स्कूलों के छात्रों की ओर से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाना सरकारी स्कूलों की घट रही साख के लिए संजीवनी साबित हो रहा है।