धनोल्टी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू
ब्यूरो/अमर उजाला
मसूरी। 21 जनवरी को मसूरी और धनोल्टी में हुई भारी बर्फबारी के 10 दिन बाद शुक्रवार को धनोल्टी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। इन दिनों में धनोल्टी पर्यटक विहीन हो गई थी।
शुक्रवार को मसूरी से धनोल्टी-चंबा मार्ग छोटे बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई, जिससे फिर से धनोल्टी पर्यटकों से गुलजार होने लगी है। धनोल्टी मार्ग पर जमी बर्फ के कारण पर्यटक बुराशंखंडा व तुरतुरिया तक ही पहुंच पा रहे थे। जिससे धनोल्टी में कई दिनों से सन्नाटा पसरा हुआ था। 11वें दिन धनोल्टी मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए खुलने पर स्थानीय व्यापारियों समेत आसपास के क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय निवासी कुलदीप नेगी ने बताया कि 10 दिन से मार्ग बाधित होने के कारण धनोल्टी व आसपास के ग्रामीणों को मसूरी और देहरादून जाने के लिए कई किमी की दूरी पैदल ही तय करनी पड़ रही थी। मार्ग पर वाहनों के न चलने से रसद सामग्री व अन्य सामान भी नहीं मिल पा रहा था। कुछ दिन खच्चरों से ढुलान कर मसूरी से जरूरी सामान लाया गया। उन्होंने बताया कि भारी बर्फबारी के बाद धनोल्टी और आसपास के क्षेत्रों में दो दिन बिजली व पानी की समस्या हो गई थी।