ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
मसूरी। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक बृहस्पतिवार को पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता की अध्यक्षता में पालिका सभागार में हुई। बैठक में 61 प्रस्तावों पर चर्चा के बाद 45 प्रस्तावों पर आम सहमति बनी। इनमें सबसे बड़ा फैसला नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था के लिए एक मिनी बस खरीदने, सीसीटीवी कैमरे व स्ट्रीट लाइटें लगवाने का निर्णय रहा। इसके अलावा वार्डों में सफाई व्यवस्था का मुद्दा भी उठा। कुछ प्रस्तावों को संशोधित करने की बात कही गई।
पालिका सभागार में आयोजित बैठक में अपर माल रोड क्षेत्र में होटल हिमालय कैसल के ठीक नीचे अर्धनिर्मित दुकानों के ध्वस्तीकरण का प्रस्ताव रखा गया। इसमें सभासद जसबीर कौर, नंदलाल सोनकर ने विरोध दर्ज किया। इस कारण आम सहमति नहीं बन सकी। कर निर्धारण समिति के चयन के लिए प्रस्ताव को अगली बोर्ड बैठक तक के लिए स्थगित कर दिया गया। आईडीएच बिल्डिंग का विद्युत कनेक्शन विच्छेदन का निर्णय लिया गया। जीर्णशीर्ण प्रमाणपत्र के लिए 10 रुपये सुविधा शुल्क तय किया गया। पालिका में कुछ नए अधिवक्ता रखने पर विचार किया गया। बैठक में कूड़ा निस्तारण के लिए यूजर चार्जेज भी तय किया गया। इसके तहत गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को निशुल्क, कम आय वाले (10 हजार) वाले घर से 20 रुपये, इससे अधिक आय वालों से 30 रुपये, सब्जी फल विक्रेता दुकान, फड़, आदि से 100 व मास मछली विक्रेता से 150 और 10 किलो तक व उससे अधिक पर दो रुपये प्रति किलो प्रतिदिन अतिरिक्त चार्ज लिया जाएगा। पालिकाध्यक्ष ने नगर में कूड़ा करकट सड़कों पर डालने के लिए होटलों व प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने बताया कि नगर में स्वच्छता अभियान वार्ड एक से नौ तक शुरू किया जा रहा है। दैनिक वेतनभोगी स्वच्छकारों का वेतन 4100 रुपये बढ़ाकर 8200 रुपये कर दिया गया है। शहर को बंदरों व आवारा पशुओं की संख्या को नियंत्रित करने के लिए निविदाएं मांगी गई हैं। इससे पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने यूपीसीएल और जल संस्थान आदि विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और आम जनमानस से जुड़ी समस्याओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सभासद गीता कुमाई, सरिता पंवार, आरती अग्रवाल, मनीषा खरोला, जसबीर कौर, जशोदा शर्मा, सरिता देवी, नंदलाल सोनकर, पंकज खत्री, सुरेश थपलियाल, दर्शन सिंह रावत, कुलदीप रौछेला, प्रताप पंवार समेत पालिका के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।