ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
तहसील क्षेत्र अंतर्गत जीवनगढ़ पंचायत में जर्जर कच्चे मकान के ध्वस्त होने एक किशोरी घायल हो गई। किशोरी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विकासनगर में भर्ती कराया गया। प्रभावित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
जानकारी के अनुसार जीवनगढ़ पंचायत के वार्ड आठ में कामिल पुत्र अली हसन अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रह रहे थे। बरसात में मकान की दीवारों में दरारें पड़ गईं थी। मंगलवार सुबह 11 बजे मकान के पिछले हिस्से की दीवार भरभराकर गिर गई। इससे पास के मकान के आंगन में बर्तन धो रही नाजिया मलबे में दबने से घायल हो गई। घायल किशोरी को ग्रामीणों ने सीएचसी विकासनगर में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों से उसे छुट्टी दे दी। पंचायत की उपप्रधान रेणूखान ने बताया कि मजदूरी कर भरण पोषण करने वाले कामिल के परिवार में पत्नी, बेटे सहित लकवाग्रस्त माता पिता हैं। मकान गिरने से कामिल के सामने परिवार के लिए सर्दी में छत तलाशने की समस्या पैदा हो गई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व बरसात के मौसम में भी जीवनगढ़ पंचायत में आधा दर्जन से अधिक कच्चे मकान ध्वस्त हो चुुके हैं। इनमें चार व्यक्ति घायल हुए थे। उप प्रधान ने तहसील प्रशासन से प्रभावित परिवार को उचित आर्थिक सहायता मुहैया कराने की मांग की है। साथ ही खंड विकास अधिकारी से पंचायत के सभी पात्र व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने की मांग की है। उधर, एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल से नुकसान की रिपोर्ट मांगी गई है।