ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
राजकीय इंटर कॉलेज सभावाला के राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर (एनएसएस) के तहत बुधवार को छात्र-छात्राओं ने मलिन बस्ती में स्वच्छता अभियान चलाया। साथ ही स्थानीय लोगों को गंदगी से होने वाली बीमारियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम अधिकारी एसपी रतूड़ी ने छात्रों को प्रत्येक घर में जाकर स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की सलाह दी। शिविर की शुरुआत प्रेरणा गीत और योगाभ्यास से हुई। उसके बाद छात्र टोली बनाकर मलिन बस्ती में गए। जहां संपर्क मार्गों, सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई। छात्रों ने स्थानीय लोगों को बताया कि घर और आसपास गंदगी होने से टाईफाइड, मलेरिया, डायरिया, स्वाइन फ्लू जैसी बीमारी फैलतीं हैं। बच्चों में कुपोषण का कारण भी गंदगी बनती है। छात्रों ने लोगों को खुले में शौच से होने वाली बीमारियों की भी जानकारी मुहैया कराई। साथ ही कूड़ा निस्तारण की विधि बताते हुए जैविक, अजैविक कूड़े की जानकारी दी। स्थानीय लोगों के साथ कूड़ा निस्तारण के लिए गांव की सीमा से बाहर गड्ढे खोदे गए। इस दौरान संदीप, आमिर, अमन, रूबी, राहुल कुमार, राकिब आदि मौजूद रहे।