ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
मसूरी। अतिक्रमण हटाओ अभियान की मार झेल रहे माल रोड के पटरी दुकानदारों को रविवार को राज्यपाल का सहारा मिल गया है। रविवार को मसूरी पहुंचीं राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने पटरी दुकानदारों के प्रति सहानुभूति प्रकट की और बेवजह परेशान न करने के बाबत अधिकारियों को हिदायत दी।
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कहा कि सीजन के दौरान माल रोड के पटरी दुकानदारों को बेवजह परेशान न किया जाए। राज्यपाल ने कहा कि ये गरीब कहा जाएंगे उन गरीबों को रोटी खाने के लिए कैसे मिलेगी, करने दो उन्हें रोजगार। राज्यपाल रविवार को भारी सुरक्षा के बीच मसूरी और कैंपटी पहुंची थीं। यहां दूर से ही कैंपटी फॉल का दीदार कर वापस लौट गईं। इस दौरान राज्यपाल काफिले के साथ माल रोड स्थित कश्मीर आर्ट इंपोरियम पहुंचीं। जहां उन्होंने कश्मीर की मशहूर पश्मीना शॉल व स्कार्फ खरीदे। कश्मीर आर्ट इंपोरियम में करीब आधा घंटा बिताने के बाद राज्यपाल का काफिला गढ़वाल मंडल निगम के अतिथि गृह पहुंचा और जल पान के बाद दून के लिए रवाना हो गया। मीडिया से बातचीत में राज्यपाल ने कहा कि वे मसूरी का हाल जानने यहां आई हैं। सुविधाओं के बाबत प्रशासन को व्यवस्थाएं दुरस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन प्रदेश है। यहां जितने पर्यटक आएंगे, उतनी ही ज्यादा प्रदेश की तरक्की होगी। राज्यपाल ने मसूरी व कैंपटी दोबारा देखने की इच्छा भी जताई। इस मौके पर एसडीएम मसूरी मीनाक्षी पटवाल, सीओ जया बलूनी, प्रभारी निरीक्षक भावना कैंथोला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं कश्मीर आर्ट इंपोरियम के व्यवसायी मोहम्मद अकबर राज्यपाल के आने से बेहद खुश थे। अकबर ने कहा कि राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने दुकान से मिक्स पश्मीना शॉल व कई गर्म स्कार्फ खरीदे।