ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। स्पर्श गंगा की ओर से स्थापना दिवस पर गंगा की सफाई के लिए त्रिवेणी घाट परिसर में ट्रैश बूम उपकरण का शुभारंभ किया गया। इस उपकरण के माध्यम से गंगा में फैला कूड़ा कचरा निकालकर गंगा स्वच्छ किया जा सकता है। सोमवार को त्रिवेणी घाट परिसर में ट्रैश बूम उपकरण का मेयर अनिता ममगाईं ने उद्घाटन किया। इस मौके पर स्पर्श गंगा के स्वयंसेवियों ने ट्रैश बूम उपकरण की सहायता से त्रिवेणी घाट परिसर के अलावा गंगा नदी में बहने वाली गंदगी जैसे फूल, पत्ते, पूजन सामग्री, कपड़े, कीचड़ आदि को निकाला गया।
इस मौके पर मेयर अनिता ममगाईं ने स्पर्श गंगा की ओर से किए जा रहे इस तरह के कार्यों की सराहना की। कहा कि इस उपकरण की सहायता से बराबर गंगा की सफाई होती रहे इसका प्रयास किया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों से निस्वार्थ रूप से गंगा स्वच्छता महा अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। इस मौके पर स्पर्श गंगा के गढ़वाल संयोजक एसएस भंड़ारी ने कहा कि ट्रैश बूम उपकरण गंगा स्वच्छता अभियान में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह उपकरण पश्चिम बंगाल की अगत्स्या बायोंट कंपनी से मंगाया गया है जोकि गंगा को स्वच्छ रखने में अहम भूमिका निभाएगी।
स्पर्श गंगा की ओर से लगभग 50 हजार स्पर्श गंगा प्रहरी हस्ताक्षर अभियान चलाकर विश्व रिकार्ड दर्ज किया गया है। इसके लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वीएन खन्ना, सरोज डिमरी, जयंत किशोर, जॉनी लांबा, मीनाक्षी मैठाड़ी, नेहा नेगी, मनोज वनराल, रविंद्र वेलवाल, कैलाश उनियाल, रीता चमोली, आशीष झा, रवि शास्त्री, चंद्रवीर पोखरियाल, मोनिका गर्ग, अनिता पंवार, नीरजा गोयल, कमला जोशी आदि मौजूद थे।