गोपेश्वर। 26वें राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए चमोली जिले से दो बाल वैज्ञानिकों का चयन हुआ है। 15 दिसंबर को देहरादून के विज्ञान धाम झाझरा में आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान महोत्सव में चमोली के 11 बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग किया। इनमें से पीस पब्लिक स्कूल गोपेश्वर की बाल वैज्ञानिक नेहा कोठारी और नेहा सेमवाल के मॉडल राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुए हैं। बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक राजेंद्र प्रसाद थपलियाल ने बताया कि चयनित दोनों बाल वैज्ञानिक 27 से 31 दिसंबर को भुवनेश्वर उड़ीसा में होने वाले राष्ट्रीय बाल महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी ललित मोहन चमोला, पीस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक सत्येंद्र परमार, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) आशुतोष भंडारी और डीईओ बेसिक नरेश कुमार हल्दियानी ने चयनित बाल वैज्ञानिकों से आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।