श्रीनगर। विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी ने 9.41 करोड़ की लागत से बनने वाले श्रीनगर-चौरास पुल पहुंच मोटर मार्ग का भूमि पूजन किया गया। लोनिवि अस्थायी खंड कीर्तिनगर लगभग सात माह में चौरास पुल से मढ़ी तक करीब दो किलोमीटर मोटर मार्ग का निर्माण करेगा।
लगभग डेढ़ दशक की इंतजारी के बाद विगत मार्च माह में चौरास मोटर पुल बनकर तैयार हो गया था, लेकिन टिहरी जिले की सीमा में सड़क निर्माण न होने से चौपहिया वाहन पुल से आगे नहीं जा पा रहे हैं। शासन ने विगत फरवरी माह में विवि परिसर के नीचे से डंगवाल गदेरे होते हुए दो किलोमीटर लंबी सड़क की मंजूरी दी थी, लेकिन इस्टीमेट ज्यादा होने की वजह से इसकी वित्तीय मंजूरी में दिक्कत आ रही थी। क्योंकि बरसाती गदेरे से गुजरने की वजह से लोनिवि अस्थायी खंड कीर्तिनगर ने सड़क की 9.41 करोड़ रुपये की डीपीआर भेजी थी। कई दौर की मीटिंग के बाद मार्च माह में जीओ भी जारी हो गया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने 19 मार्च को चौरास पुल के साथ चौरास लिंक मोटर मार्ग का भी शिलान्यास कर दिया था। इस बीच टेंडर प्रक्रियाओं के निपटाने के बाद ठेकेदार ने काम शुरू करवा दिया। रविवार को विधायक कंडारी ने भूमि पूजन कर काम की विधिवत शुरू करवाई।