ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष व रेलवे की यात्री सेवा समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र रत्न ने स्टेशन पर पड़ी गंदगी देख कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारी को इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने को कहा। इस दौरान मेयर अनिता ममगाईं ने उन्हें स्टेशन क्षेत्र में फैली झाड़ियां दिखाईं। मेयर ने कहा कि इन दिनों यहां गुलदार का आतंक बना हुआ है। इस पर पीएससी अध्यक्ष ने मौके पर मौजूद जीआरपी अधिकारी को झाड़ियों को हटवाने को कहा।
इसके बाद वह आरपीएफ के कार्यालय पहुंचे। यहां रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो पता चला कि सीसीटीवी पर रिकार्डिंग की सुविधा ही नहीं है। सीसीटीवी भी पुराने होने केे कारण धुंधली छवि के हैं। उन्होंने मौके पर मौजूद आरपीएफ के सीनियर डीएससी संदीप कुमार रविवंशी से वार्ता कर नए सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा। इसके बाद स्टेशन पर सफाई व्यवस्था देख उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने डीआरएम को सफाई कर्मचारियों के रुके वेतन को शीघ्र उपलब्ध कराए जाने को कहा। इस दौरान उन्होंने प्याऊ की टाइल्स को बदलने को कहा। अध्यक्ष के साथ समिति के सदस्य कौशल कुमार विद्यार्थी, सुरेंद्र भगत तथा डीआरएम मुरादाबाद एके सिंघल भी मौजूद रहे।
न्यू रेलवे स्टेशन का नाम बदला जाए
मेयर अनिता ममगाईं ने पीएससी चेयरमैन के तीर्थनगरी आगमन पर कहा कि ऋषिकेश से कर्णप्रयाग की ओर जाने वाले रेलवे स्टेशन का नाम न्यू रेलवे स्टेशन को बदला जाए। उन्होंने बताया कि यह नाम सुनकर हर कोई अचंभित है कि इसे न्यू ऋषिकेश का नाम किस आधार पर दिया। उन्होंने बताया कि जल्द ही निगम की बोर्ड बैठक में तीन नामों देवभूमि ऋषिकेश, योगनगरी ऋषिकेश, तीर्थनगरी ऋषिकेश पर प्रस्ताव लाया जाएगा। इस पर पीएससी अध्यक्ष ने कहा कि इन तीनों नामों में से जिस एक नाम पर सहमति बनेगी। उसे ही इस रेलवे स्टेशन का नाम दिया जाएगा।
शराब के नशे में धुत मिला कर्मचारी
पीएससी चेयरमैन जिस समय रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर रहे थे तभी एक कर्मचारी शराब के नशे में पाया गया। इस पर डीआरएम एके सिंघल ने उनसे वार्ता की तथा हिदायत देते हुए कहा कि आगे से ऐसा दोबारा न हो।
अनुपयोगी शौचालय नाम देख भड़के पीएससी चेयरमैन
रेलवे स्टेशन के निरीक्षक के दौरान एक शौचालय के बाहर अनुपयोगी शौचालय लिखा हुआ था। इसे देखकर पीएससी चेयरमैन रमेश चंद रत्न भड़क उठे। उन्होंने इसे मिटाकर यहां सफाई व्यवस्था और आवश्यक चीजें उपलब्ध कराकर इसे सुचारु रूप से चलाने को कहा।
रेलवे की समस्या को लेकर मिले स्थानीय लोग
रेलवे की विभिन्न समस्याओं को लेकर स्थानीय लोग ने पीएससी चेयरमैन को ज्ञापन सौंपे। स्थानीय पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट, शिव कुमार गौतम, कपिल गुप्ता, भाजपा के अनुसूचित मोर्चा के पूर्व जिला मंत्री सतीश पाल, दीपक बिष्ट, रविंद्र बिरला, हरिराम खैरवाल आदि ने रेलवे स्टेशन पहुंच रेलवे की विभिन्न समस्या को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपा।