श्रीनगर। लगभग आठ साल बाद श्रीनगर जल विद्युत परियोजना प्रभावित ग्राम पंचायत धारी के 28 दुकानदारों को राहत राशि मिल गई है। परियोजना कंपनी ने कुल 49 लाख रुपये के बैंक ड्राफ्ट प्रभावितों को दिए हैं। यह ड्राफ्ट विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी और उप जिलाधिकारी कीर्तिनगर अनुराधा पाल ने प्रभावितों को सौंपे।
अलकनंदा नदी में श्रीनगर जल विद्युत परियोजना निर्माण के बाद 28 धारी देवी मंदिर के आसपास दुकानदारों की अस्थायी/स्थायी दुकान झील के पानी में डूब गई थी। परियोजना कंपनी ने प्रभावितों को उनकी परिसंपत्तियों का पूरा प्रतिकर नहीं चुकाया था। इस वजह से कई बार आंदोलन भी हुए।
बीते जुलाई माह में टिहरी कलक्ट्रेट और शासन में प्रभावितों की मांगों के संबंध में बैठक हुई थी। कीर्तिनगर में प्रभावितों ने भूख हड़ताल भी की। ऊर्जा सचिव ने इस मामले में टिहरी व पौड़ी के डीएम और परियोजना कंपनी को मामले के निस्तारण दिए थे।
लंबी इंतजारी के बाद कंपनी ने प्रत्येक फड़ व्यापारी/दुकानदार को 1 लाख 75 हजार रुपये ड्राफ्ट दे दिए। शनिवार को विधायक कंडारी और एसडीएम पाल ने 28 प्रभावितों को ड्राफ्ट सौंपे। विधायक ने बताया कि प्रभावित 28 दुकानदारों को प्रतिकर देने का बिंदू कार्यवृत्त में शामिल था। जिसका निस्तारण प्रतिकर देने के बाद हो गया है।