कर्णप्रयाग। ब्लॉक के नौसारी गांव के पौराणिक मां कलपीरी देवी मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के सातवें दिन देवी की पूजा में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। ब्रह्मबेला पर पंडित दुर्गा प्रसाद थपलियाल और अशोक खंडूड़ी ने दुर्गा सप्तशती मंत्रों के साथ मां नव दुर्गा की पूजा की। श्रद्धालुओं ने माता को नए अनाज का भोग और शृंगार सामग्री अर्पित की। इसके बाद देवी-देवताओं के पश्वाओं ने अवतरित होकर ढोल-दमांऊ की थाप पर 16 कलाओं पर आधारित देव नृत्य कर भक्तों को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया। इस मौके पर माधो सिंह रावत, जगदीश सिंह, नरेंद्र सिंह, मनवीर सिंह, दिनेश सिंह, हरि सिंह सहित कपीरी पट्टी के कनखुल, फलोटा, सुकतोली, रिषतोली, ग्वाड़, कंडारा, जस्यारा, बणसोली आदि गांवों के श्रद्धालु मौजूद रहे।
पांडवों के पश्वाओं ने किए आदिबदरी नाथ के दर्शन
आदिबदरी। जुलगढ़ गांव में आयोजित पांडव लीला देखने के लिए सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। शुक्रवार को पांडवों के पश्वा जुलगढ़ गांव से रवाना होकर आदिबदरी पहुंचे और आदिबदरी नाथ भगवान के दर्शन किए। आदिबदरी के रामलीला मैदान में पांडवों के पश्वाओं ने अवतरित होकर नृत्य किया। उसके बाद नारायणकुंड में आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारों के साथ पांडवों के स्नान की प्रक्रियाएं संपादित की। इसके बाद पश्वाओं ने धनगांव जंगल से साल के वृक्ष को लेकर जुलगढ़ गांव के लिए प्रस्थान किया। इस मौके पर मंदिर के पुजारी चक्रधर थपलियाल, बलवंत भंडारी, ओमी बहुगुणा, विजया कुंवर, विनोद रावत, बृजमोहन बहुगुणा, विजया कुंवर सहित आदिबदरी, भलसों, नगली, ढमकर, हरगांव, मैतोली आदि गांवों के श्रद्धालु मौजूद रहे।