ब्यूरो/अमर उजाला, सेलाकुई
स्वास्थ्य विभाग ने राष्ट्रीय पुनरीक्षित क्षय रोग कार्यक्रम के तहत जिले में क्षय रोग के खात्मे के लिए घर-घर जाकर मरीजों की पहचान कार्यक्रम की शुरुआत की। जिला जेल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने किया। पहले दिन जिला जेल से कैदियों के बलगम की जांच के लिए सैंपल लिए गए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शुरुआत में जनपद के तीन विकासखंडों सहसपुर, कालसी और विकासनगर में कार्यक्रम चलाया जाएगा। जबकि, अन्य शेष तीन ब्लॉकों में इसके बाद कार्यक्रम चलेगा। जिला जेल में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहले दिन 13 कैदियों के बलगम के सैंपल लिए, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार पांडे के मुताबिक अभियान हर साल चार बार चलाया जाएगा। विभाग की टीम विभिन्न क्षेत्रों में जाकर यह पता लगाएगी कि किस क्षेत्र में कितने लोग क्षय रोग से पीड़ित हैं। खासकर उन क्षेत्रों में टीम मरीजों के सैंपल लेगी जहां अधिक लोगों के क्षय रोग से पीड़ित होने की संभावना है।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य 2024 तक क्षय रोग को जड़ से समाप्त करना है। सीएमओ डॉ. एसके गुप्ता ने बताया कि क्षय रोग फैलने से रोकने के लिए संभावित क्षेत्रों में टीम मरीजों का पता लगाएगी। कार्यक्रम में जेल अधीक्षक एमएस ग्वाल, डॉ. हसन ,राहुल पुंडीर, सुखदेव फरस्वाण आदि मौजूद रहे।