कर्णप्रयाग। ब्लाक कर्णप्रयाग का ग्रामीण हाट बाजार तेफना गांव में बनेगा। विकास विभाग कई दिनों से हाट बाजार के लिए भूमि की तलाश कर रहा था। अब तेफना में जाकर विभाग की जमीन की तलाश पूरी हो पाई है। यहां ग्रामीण अपने स्थानीय उत्पादों को सीधे उपभोक्ताओं को बेच सकेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में दलहन की फसलें, आलू सहित अन्य सब्जी उत्पाद और माल्टा सहित अन्य फलों के उत्पाद काफी मात्रा में होते हैं, लेकिन किसान इन उत्पादों को बाजार तक नहीं बेच पाते हैं। ऐेसे में ग्रामीण किसानों को लाभ देने और किसानों की आर्थिक आय को बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में हाट बाजार बनाए जाने की योजना चल रही है। इसके लिए जिले के सभी ब्लाकों में ग्रामीण हाट बाजार बनाया जाना प्रस्तावित है। कर्णप्रयाग में लंबे समय से विभाग को भूमि नहीं मिल पा रही थी। अब विकास विभाग को तेफना में जगह मिल गई है। यहां विभाग मनरेगा योजना के तहत ग्रामीण हाट बाजार तैयार करेगा। करीब 12 लाख रुपये से बनने वाले हाट बाजार में एक स्टोर रूम सहित माल बेचने के लिए मंडी की तर्ज पर चबूतरा और टिनशेड बनाया जाएगा। खंड विकास अधिकारी आरएस राणा का कहना है कि हाट बाजार लगने से किसान अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं को बेच सकेंगे। उन्होंने बताया कि जल्द हाट बाजार के निर्माण की कार्रवाई शुरू की जाएगी।