ब्यूरो/अमर उजाला, मसूरी
बॉलीवुड फिल्म ‘बाटला हाउस’ की शूटिंग मंगलवार को मालरोड स्थित झूला घर और बडोनी चौक के पास शुरू हुई। अभिनेता जॉन अब्राहम और अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने फिल्म के लिए शॉट दिए।
नगर में मंगलवार को शुरू हुई शूटिंग का पहला सीन झूलाघर रोपवे में फिल्माया गया, जिसमें अभिनेता जॉन अब्राहम ट्रॉली में बैठकर गनहिल पहुंचते हैं। इस सीन में मात्र ट्रॉली के अंदर के शॉट लिए गए। दोपहर बाद फिल्म का सेट बडोनी चौक एसबीआई के समीप लगाया गया। जहां अभिनेता जॉन और अभिनेत्री मृणाल ठाकुर का एक सीन फिल्माया गया, जिसमें दोनों मालरोड पर टहल रहे हैं, कि अचानक उनके पास से एक वाहन गुजरता है। अभिनेत्री जॉन का हाथ खींचकर वाहन उन्हें वाहन से टकराने से बचातीं है। इसी सीन में उन्हें ढूंढते हुए पुलिस वहां पहुंचती है। लेकिन, पुलिस दोनों को नहीं ढूंढ पाती।
इस दौरान मालरोड पर शूटिंग देखने वालों की भारी भीड़ जुटी रही। वहीं, अभिनेता और अभिनेत्री की एक झलक पाने और फोटो खींचने के लिए लालायित नजर आए। सुरक्षाकर्मियों की नजरों से बचते हुए कई प्रशंसक अभिनेता जॉन और अभिनेत्री मृणाल को कैमरे में कैद करते देखे गए। शूटिंग का अगला सीन देर शाम झूलाघर बाईपास मार्ग पर फिल्माया गया। यहां बाजार को मेले के रूप में दिखाया गया, जहां जॉन और मृणाल दोनों खरीदारी करते हुए फिल्माए गए। बता दें कि नगर में चल रही फिल्म ‘बाटला हाउस’ की शूटिंग में स्थानीय कलाकार अमित सिंघल पुलिस इंस्पेक्टर, मनोज टम्टा, संदीप राणा और निखिल कांस्टेबल की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, जगजीत और माधुरी टम्टा मेले में शॉपिंग करते फिल्माया गया। बाल कलाकार में मिस्टी, आरुषि, राघव, राधिका भी फिल्म में नजर आएंगे।