कर्णप्रयाग। श्रीगुरु रामराय पब्लिक स्कूल कालेश्वर (जयकंडी) के दो पूर्व छात्रों ने विद्यालय के साथ ही क्षेत्र का मान भी बढ़ाया है। शनिवार को देहरादून में आयोजित पासिंग आउट परेड में विद्यालय के पूर्व छात्र गौरव राणा और सचिन झा भारतीय सेना में अफसर बने हैं। इस दौरान पूर्व छात्र और हाल में नेवी में अफसर बने सौरभ खंडूड़ी का स्वागत किया गया।
स्कूल परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में प्रधानाचार्य बीबी डोभाल ने बताया कि सौरभ ने विद्यालय से वर्ष 2010 में हाईस्कूल की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी। उन्होंने सौरभ खंडूड़ी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय में प्राथमिक से लेकर 12वीं तक की शिक्षा लेने वाले लंगासू के गौरव राणा और पूर्व में कर्णप्रयाग न्यायालय में न्यायाधीश रहे मिथिलेश कुमार झा के बेटे सचिन झा भी शनिवार की पासिंग आउट परेड के बाद सेना में अफसर बन गए हैं। कार्यक्रम में बीएन कुनियाल, केशव लखेड़ा, हेमचंद्र, सुमन कुमार, गंभीर सिंह, दिनेश बहुगुणा, संदीप पुंडीर, दीपक रावत, पूजा डिमरी, सोना बर्तवाल, अंजलि किमोठी और विजया डिमरी आदि मौजूद थे।