ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सरकार गन्ना किसानों और चीनी मिल कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है। चीनी मिल पर किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान शीघ्र कर दिया जाएगा। चीनी मिल में प्रस्तावित एथनॉल प्लांट को पीपीपी मोड पर संचालित किया जाएगा। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने डोईवाला शुगर मिल के पेराई सत्र 2018-19 का पूजा अर्चना और नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। उन्होंने क्रेन कॅरियर में गन्ने की पुली डाली।
मुख्यमंत्री ने गन्ना आपूर्ति के लिए सबसे पहले पहुंचे किसान अय्यूब अली और काबुल सिंह को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना और चीनी उद्योग की बेहतरी के लिए सरकार ठोस कदम उठा रही है। डोईवाला शुगर मिल ने इस बार 32 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया है। शुगर मिल के अधिशासी निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि शुगर मिल के पास डोईवाला गन्ना समिति के पांच, देहरादून के 19, रुड़की के 18, ज्वालापुर के पांच और हिमाचल प्रदेश के पावंटा साहिब के चार गन्ना क्रय केंद्र हैं।
उद्घाटन कार्यक्रम में राज्य विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने भी शामिल होकर अपनी शुभकामनाएं दी। इस मौके पर अपर सचिव गन्ना विकास और चीनी उद्योग प्रदीप रावत, एसडीएम डोईवाला कुश्म चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता करन बोरा, मेयर ऋषिकेश अनिता ममगाईं और गन्ना समिति अध्यक्ष ईश्वर पाल आदि मौजूद रहे।
उद्घाटन मौके पर यह रहे मौजूद
शुगर मिल डोईवाला के पेराई सत्र शुभारंभ मौके पर काफी संख्या में किसान, राजनीतिक संगठन के पदाधिकारी , कर्मचारी संगठन के लोगों के अलावा स्थानीय लोग मौजूद रहे। मुख्य रूप से पूर्व विधायक रणजीत सिंह वर्मा, भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री करन वोरा, पूर्व जिला महामंत्री संजीव सैनी, कुंवर सिंह मनवाल, नरेंद्र नेगी, विशाल मनवाल, गौरव मल्होत्रा, कमल अरोड़ा, सुशील जायसवाल, सुबोध उनियाल, सतेंद्र चौधरी, कोमल कन्नौजिया, अनीता अग्रवाल, श्रवण प्रधान, सुशील वर्मा, पूनम चौधरी, विक्रम नेगी, सागर मनवाल, सुरेंद्र राणा, आशा कोठारी, ओमप्रकाश कांबोज, ईश्वरचंद अग्रवाल, याकूब अली, विजय बख्शी, दलजीत सिंह, अजय लोधी आदि मौजूद रहे।
---------------------------------
गन्ना मूल्य और वेतन न मिलने पर मिल गेट पर प्रदर्शन
- कांग्रेस की ओर से अचानक किए प्रदर्शन से फूल प्रशासन के हाथ-पांव
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला। शुगर मिल डोईवाला के नए पेराई सत्र उद्घाटन के दौरान कांग्रेस ने मिल गेट पर किसानों के बकाया गन्ना मूल्य और कर्मचारियों के वेतन को लेकर धरना प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री के आने से पहले मिल गेट पर अचानक विरोध प्रदर्शन होने पर प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। धरना स्थल पर राजीव गांधी पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मोहित शर्मा ने कहा कि गन्ना किसानों का बकाया मूल्य देने के बजाए सरकार ने मिल का पेराई सत्र शुरू किया है, जिससे गन्ना किसानों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों और कर्मचारियों के हितों के विपरीत काम कर रही है।
जौलीग्रांट के पूर्व प्रधान सागर मनवाल और पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने कहा कि सरकार की किसान विरोधी नीतियों से क्षेत्र को किसान हतोत्साहित हो रहा है। किसान और वरिष्ठ कांग्रेसी हाजी अमीर हसन ने कहा कि यदि जल्द भुगतान नही हुआ तो आपूर्ति रोकी जाएगी। धरना प्रदर्शन में राजबीर सिंह खत्री, हरपाल सैनी, नगर सभासद गौरव मल्होत्रा, अब्दुल कादिर, सुनील बर्मन, सुरेंद्र खालसा, नागेंद्र, त्रिलोक सिंह, पुरुषोत्तम डोभाल, कैलाश मित्तल आदि मौजूद रहे।