कर्णप्रयाग। दो माह का रुका वेतन देने समेत कई मांगों को लेकर जलसंस्थान कर्मी बुधवार सुबह अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे। हालांकि एक घंटे बाद जल संस्थान अफसरों के आश्वासन के बाद उन्होंने हड़ताल समाप्त कर दी। जलसंस्थान कर्मियों ने चेतावनी दी यदि 13 दिसंबर तक मामले में सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 14 से अनिश्चितकालीन हड़ताल करने को बाध्य होंगे।
उत्तराखंड जलसंस्थान कर्मचारी संघ के अध्यक्ष पीएस रावत के नेेतृत्व में उत्तराखंड जलसंस्थान कर्मचारी संगठन ने दो माह का रुका वेतन देने, बोनस देने, विभाग में कार्यरत कर्मियों को यूनिफार्म देने सहित अन्य मांगों को लेकर जलसंस्थान डिवीजन कार्यालय परिसर में धरना शुरू कर दिया। इस दौरान आयोजित बैठक में कर्मियों ने कहा कि पेयजल लाइनों के सुलभ संचालन के लिए सामग्री तक नहीं मिल रही है। कर्मियों के रुख को देखते हुए जलसंस्थान कर्णप्रयाग डिवीजन के अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार, सहायक अभियंता एसके राय, अवर अभियंता जेएस बिष्ट ने आंदोलन स्थल पर पहुंच कर्मियों के साथ वार्ता की। अधिकारियों ने कर्मियों की सभी मांगों पर जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल 13 दिसंबर तक स्थगित करने का निर्णय लिया। इस दौरान संघ के सचिव एसपी मैखुरी, पदमादत्त गौड़, यूएस दानू, रणजीत सिंह मेवाड़, कुंदन सिंह चौधरी, तेजवीर सिंह बर्त्वाल, एएस नेगी, कमल सिंह, रामेश्वर प्रसाद मैखुरी, बुद्घि सिंह, महेश मिश्रा, संदीप डिमरी, बीएस राणा, रामप्रसाद चंदोला और जगत सिंह आदि मौजूद थे।