ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। तहसील दिवस पर पहुंचे लोगों ने कुल 13 शिकायतें दर्ज की। मौके पर एक का भी निस्तारण नहीं हुआ। सभी शिकायतें उपजिलाधिकारी प्रेमलाल ने सुनकर समीक्षा के लिये संबंधित विभागों को सौंप दी। मंगलवार को ऋषिकेश तहसील में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इसमें कुल 13 शिकायतें दर्ज की गई। फिलहाल मौके पर किसी भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो पाया।
मौके पर उपजिलाधिकारी ने सभी शिकायतों का संज्ञान लेते हुए विभागों से आए समस्त अधिकारियों को निस्तारण के आदेश दिए। इसमें सिंचाई विभाग की दो, वन विभाग की एक, लोक निर्माण विभाग की एक, जल संस्थान की एक, नगर निगम की एक, राजस्व विभाग की तीन, पुलिस विभाग की दो, राजस्व विभाग की दो शिकायतें आईं। उपजिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि जितनी भी शिकायतें दर्ज हुई हैं उनकी समीक्षा रिपोर्ट अगले माह तहसील दिवस पर प्रस्तुत की जाएं। इस दौरान समाज कल्याण विभाग में चार नए विधवा पेंशन के आवेदन भी किए गए।