कर्णप्रयाग। थराली के पूर्व विधायक मगन लाल शाह और वर्तमान विधायक मुन्नी देवी शाह के बेटे गणेश शाह ने जिला पंचायत के उपचुनावों के तहत जिले के जिला पंचायत कोठली से नामांकन किया। वार्ड पर एक अन्य प्रत्याशी राजेश कुमार ने भी नामांकन किया था, लेकिन मंगलवार को नामांकन प्रपत्रों की जांच में राजेश कुमार का नामांकन निर्वाचन आयोग ने खारिज कर दिया। जिससे अब गणेश कुमार का जिला पंचायत सदस्य निर्विरोध बनना तय हो गया है।
वर्ष 2014 में त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव में कोठली वार्ड से मुन्नी देवी शाह जिला पंचायत सदस्य बन। वर्ष 2017 में थराली से विधायक मगन लाल शाह के आकस्मिक निधन होने पर मई 2018 में स्व. शाह की पत्नी मुन्नी देवी शाह ने थराली विधानसभा का चुनाव लड़ा और विधायक बनी। अब मुन्नी देवी के इस्तीफे के बाद कोठली जिला पंचायत वार्ड की सीट रिक्त हो गई है, जिस पर उपचुनाव हो रहे हैं। सोमवार को गणेश शाह ने जिला पंचायत सदस्य पद का पर्चा भरा। इससे पूर्व शनिवार को अन्य उम्मीदवार राजेश कुमार ने नामांकन किया, लेकिन मंगलवार को नामांकन प्रपत्रों की जांच में राजेश कुमार का नामांकन खारिज कर दिया गया। निर्वाचन अधिकारी केसी मेहरा ने बताया कि राजेश कुमार के नामांकन प्रपत्र के साथ वित्तीय संस्थाओं के नोड्यूज प्रमाणपत्र नहीं थे। राजेश कुमार के नामांकन पत्र खारिज होने के बाद अब चुनाव मैदान में गणेश शाह ही रह गए हैं। ऐसे में गणेश का जिला पंचायत सदस्य बनना तय है।