श्रीनगर। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने श्रीनगर डिपो को शिफ्ट करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। कहा कि कुछ रोडवेज संगठनों व अधिकारियों की स्वार्थ पूर्ति के कारण डिपो बंदी के कगार पर है।
रविवार को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के शाखा मंत्री उत्तम सिंह की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें डिपो में सहायक महाप्रबंधक के पद को समाप्त किए जाने पर आक्रोश जताया गया। कहा कि श्रीनगर में रोडवेज का पर्वतीय क्षेत्र का एक मात्र डिपो है, जिसकी स्थापना स्थानीय लोगों के संघर्ष के बाद नवंबर 2016 में की गई थी। यहां से दिल्ली, चंडीगढ, देहरादून आदि स्थानों के लिए बस सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। साथ ही अन्य डिपो की तुलना में श्रीनगर डीपो की अच्छी आमदनी है। बावजूद डिपो को अन्यत्र शिफ्ट किया जाना पहाड़ की जनता के साथ धोखा एवं छलावा है। बैठक में परिषद के अध्यक्ष अनिल सिंह भंडारी, हरि सिंह रावत, विक्रम लाल, चंद्रमोहन, दयाल सिंह, अनिल कुमार, मानवेंद्र नेगी, रविंद्र नेगी, प्रकाश लाल, ब्रह्मपाल व मुकेश आदि मौजूद थे।