श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर के सुमाड़ी व जखेड़ गांव के ग्रामीणों को अब मोबाइल चार्ज करने के लिए अन्य गांवों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इन गांवों का विद्युतीकरण होने से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मुराद पूरी हुई।
विकासखंड मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर स्थित सुमाड़ी व जखेड़ के ग्रामीण लंबे समय से गांवों का विद्युतीकरण किए जाने की मांग कर रहे थे। गांवों में विद्युत व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को मोबाइल चार्ज करने के लिए निकटवर्ती गांव कोटी आना पड़ता है। कोटी गांवों से करीब दो किमी दूर है। पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत गांवों का विद्युतीकरण कर दिया गया है। शुक्रवार से गांवों में विद्युत आपूर्ति भी बहाल हो गई है। ग्राम प्रधान कुंवर सिंह महर, पूर्व प्रधान हुकम सिंह ने कहा कि 20 वर्ष पहले उनकी ग्राम पंचायत का विद्युतीकरण कर दिया गया था, लेकिन इन दो तोकों को छोड़ दिया गया था। तब से ग्रामीण विद्युतीकरण की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति बहाल होने पर खुशी जताई है। एसडीओ आरपी नौटियाल का कहना है कि इन गांवों में 16 कनेक्शन वितरित करने के बाद विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी गई है। आवेदन करने पर अन्य ग्रामीणों को भी कनेक्शन वितरित कर दिए जाएंगे।