श्रीनगर। एनआईटी सुरक्षाकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। अब संशय जताया जा रहा है कि उक्त सुरक्षाकर्मी श्रीनगर पहुंचा ही नहीं था। सीसीटीवी फुटेज में एनआईटी के समीप जो सुरक्षाकर्मी दिखाई दे रहा है, वह मृतक सुरक्षाकर्मी नहीं बल्कि कोई अन्य है। अब पुलिस भी एक्सीडेंट से सुरक्षाकर्मी की मौत होने की अधिक संभावना जता रही है।
बीते 28 नवंबर को एनआईटी में तैनात सुरक्षाकर्मी प्रेमदत्त नौटियाल का शव संदिग्ध अवस्था में जाखणी के समीप लोनिवि कार्यालय से कुछ दूरी पर सड़क के नीचे बगीचे में मिला था। परिजनों ने सुरक्षाकर्मी की हत्या किए जाने की आशंका जताई थी, जिस पर कोतवाली कीर्तिनगर में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पहले सीसीटीवी फुटेज में मृत सुरक्षाकर्मी के एनआईटी के समीप देखे जाने की बात कही जा रही थी। मृतक सुरक्षाकर्मी की रात्रि ड्यूटी 10 बजे से थी। सीसीटीवी फुटेज में 9.42 बजे सुरक्षाकर्मी को एनआईटी के समीप देखे जाने की बात कही जा रही थी। इस पर पुलिस ने एनआईटी के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग व उसके भीतरी क्षेत्र को पूरी तरह खंगाल दिया था, लेकिन पुलिस को कुछ नहीं मिला। लेकिन अब इस बात की पुष्टि हो गई है कि जो सुरक्षाकर्मी सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है वह प्रेमदत्त नौटियाल नहीं, बल्कि कोई अन्य सुरक्षाकर्मी है। अब पुलिस आशंका जता रही है कि मृतक सुरक्षाकर्मी हो सकता है श्रीनगर आया ही न हो। घर से आते समय जाखणी के समीप ही हादसा हो गया हो। कोतवाल चंदन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी दुर्घटना से चोटें आने पर मौत के कारणों की पुष्टि हुई है।