ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । ओकारानंद सरस्वती नियम स्कूल के 36वें स्थापना दिवस पर आयोजित अंतर विद्यालयी वॉलीबाल प्रतियोगिता शुक्रवार को संपन्न हो गई है। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में ओकारानंद सरस्वती निलयम और बालिका वर्ग में भागीरथी विद्यालय ने विजेता ट्राफी पर कब्जा किया। मुनिकीरेती स्थित विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित बालक वर्ग के वॉलीबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच ओएनएस और एसजीआरआर के बीच खेला गया। इसमें ओकारानंद सरस्वती निलयम ने प्रथम सेट में 25-11 दूसरे सेट में 29-25 तीसरे सेट मेें 25-13 और चौथे सेट में 25-12 अंक लेकर विजेता ट्राफी अपने नाम कर दी।
बालिका वर्ग का फाइनल मैच ओएनएस व भागीरथी के बीच खेला गया। इसमें भागीरथी विद्यालय ने प्रथम सेट में 25-11 और दूसरे सेट में 25-19 अंक लेकर विजेता ट्राफी हासिल की। इस मौके पर मुख्य अतिथि अवनीश कुमार व रुचिका यादव ने विजेता व उपविजेता प्रतिभागियों को ट्राफी भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रबंधक समिति के अध्यक्ष डीके वाष्णेय, जी सुकुमार, प्रधानाचार्य देवाशीष दास, अर्चना गैरोला, आरके श्रीवास्तव, वहीद अहमद, सतेंद्र चौहान, संगीता बिष्ट, प्रेममोहन कंडारी, रोहन बिष्ट, अभिषेक नौटियाल आदि मौजूद थे।