देवाल। ब्लाक के देवसारी गांव के लिए सड़क नहीं बनने से नाराज ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि आने वाले लोकसभा चुनाव से पूर्व सड़क का निर्माण शुरू नहीं किया गया, तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
देवसारी ग्राम पंचायत के लिए आठ किमी नंदकेशरी-ग्वालदम सड़क का सर्वे किया गया है। नौ किमी सड़क राज्य योजना से वर्ष 2015 में स्वीकृति मिली थी, लेकिन स्वीकृति के बाद महज सड़क का सर्वे ही हो पाया है। सड़क नहीं होने से देवसारी के ग्रामीणों को पांच-नौ किमी पैदल चलना पड़ता है। ग्राम प्रधान बालीराम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने सड़क की वित्तीय स्वीकृति नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजू परिहार ने बताया कि सड़क को 2015 में स्वीकृति मिली थी, लेकिन सड़क को अभी तक वित्तीय स्वीकृति नहीं मिल पाई। बैठक में नारायण सिंह, तारा सिंह, सुदर्शन सिंह, खीमी राम, जमन सिंह, प्रमोद सिंह, खड़क सिंह, भूपाल सिंह आदि मौजूद थे। वहीं प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के ईई प्रमोद गंगाड़ी ने बताया कि सड़क की वित्तीय स्वीकृति के लिए फाइल को केंद्र सरकार को भेजा गया है।